मानसून से पहले हरियाणा पुलिस ने राज्यभर की पुलिस लाइनों और परिसरों में व्यापक प्रिवेंटिव मेंटेनेंस अभियान शुरू किया है। जलभराव, ड्रेनेज, विद्युत सुरक्षा, भवनों की मरम्मत और वृक्षारोपण पर विशेष फोकस रहेगा। सभी कार्य 2–3 सप्ताह में पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
Chandigarh (SHOYAB ) | 4 July 2026 | आगामी मानसून को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने राज्यभर की पुलिस लाइनों और पुलिस परिसरों में व्यापक प्रिवेंटिव मेंटेनेंस अभियान शुरू किया है
। इस अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान संभावित समस्याओं को रोकना, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं HPHC के सीएमडी श्री अजय सिंघल के निर्देश पर सभी जिलों में आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मानसून से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
अभियान के तहत जलभराव की रोकथाम, ड्रेनेज और सीवेज व्यवस्था की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जांच, विद्युत सुरक्षा उपाय, भवनों की मरम्मत तथा पुलिस परिसरों की साफ-सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त हरियाणा पुलिस पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरा पौधा-मेरी जिम्मेदारी, हरित परिसर-हमारी भागीदारी’ अभियान भी चलाएगी। इसके तहत राज्यभर के पुलिस परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा, जिससे हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा सके।
हरियाणा पुलिस का यह अभियान मानसून के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने की तैयारी के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल पुलिस परिसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
