हरियाणा के नूंह (मेवात) में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली के दौरान कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलयास के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री ने पुन्हाना या पिनगवां में यूनिवर्सिटी, सड़क, बिजली, पानी और खेल सुविधाओं समेत कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की।

नूंह/मेवात(SHOYAB)। हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना अनाज मंडी में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली राजनीतिक और विकासात्मक दोनों कारणों से चर्चा में रही। एक ओर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के बागी विधायक मोहम्मद इलयास के बेटे एडवोकेट जावेद खान और उनके बड़े भाई नुरूल हसन ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मेवात क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुन्हाना या पिनगवां में एक यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही एक समिति बनाई जाएगी, जो स्थान और अन्य आवश्यक पहलुओं पर फैसला करेगी। इस घोषणा से क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की 99 घोषणाओं में से 85 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने पेयजल, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का नया डिवीजन पुन्हाना और सब-डिवीजन पिनगवां में खोलने की घोषणा की। साथ ही कई गांवों में पेयजल पाइपलाइन, प्रशासनिक भवन, बिजली कार्यों और ग्रामीण विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं का ऐलान किया।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सिंगार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में साइंस स्ट्रीम शुरू करने, सब हेल्थ सेंटर के लिए ₹2.40 करोड़ तथा खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹13.57 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स स्टेडियम और ₹16.85 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम एवं मल्टीपरपज हॉल की घोषणा भी की गई। इसके अलावा 35 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत, पुलों के पुनर्निर्माण और गांवों के विकास के लिए अतिरिक्त ₹5 करोड़ देने की भी घोषणा की गई। रैली में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक नौक्षम चौधरी, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पूर्व विधायक नसीम अहमद, पूर्व विधायक जाकिर हुसैन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं विधायक मोहम्मद इलयास की गैरमौजूदगी और मंच पर उनकी तस्वीर न होना भी पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं बल्कि सेवा है और मेवात के विकास की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
