फरीदाबाद पुलिस ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर ₹7.69 लाख की साइबर ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। दोनों 3 दिन के पुलिस रिमांड पर, नेटवर्क की जांच जारी।

फरीदाबाद(SHOYAB): फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों पर साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है, जिसके जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धीरज (25) और प्रवीण मीणा (28) निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और जयपुर में एक होटल का संचालन करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने अपने साथी समीर के माध्यम से बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।
इस मामले में खाताधारक विकास और समीर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब दोनों भाइयों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-64 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि जून 2025 में उसे व्हाट्सएप पर घर बैठे कमाई का लालच देने वाला संदेश मिला। इसके बाद उसे एक लिंक भेजकर टेलीग्राम आधारित एप डाउनलोड कराया गया। शुरुआत में बोनस और छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे कराने के बाद उसका भरोसा जीता गया।
बाद में अधिक मुनाफे का झांसा देकर महिला को प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने के लिए कहा गया। 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹7,69,308 ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई।
पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम टास्क, ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब या निवेश के लालच में न आएं। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
