पलवल के वार्ड-10 में ₹5.19 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने किया। चेयरमैन डॉ. यशपाल के प्रयासों से सड़क, नाली और ओबीसी कम्युनिटी सेंटर सहित कई विकास कार्य होंगे।

पलवल(SHOYAB): नगर परिषद पलवल के वार्ड-10 में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए सोमवार को लगभग ₹5.19 करोड़ की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। हरियाणा सरकार के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल की मौजूदगी में धौलागढ़, कुसलीपुर और बीपीएल कॉलोनी में सड़क, नाली और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. यशपाल ने कहा कि नगर परिषद पलवल शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को देखते हुए इन परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे हजारों लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि परियोजनाओं में बीपीएल कॉलोनी एवं मिडवे के पास सड़क और नाली निर्माण, विभिन्न गलियों में सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण, सरकारी स्कूल से डीसू की दुकान और भूदेव सरपंच के मकान तक सड़क एवं नाली निर्माण, कई अन्य गलियों के विकास कार्य तथा ₹98 लाख की लागत से ओबीसी कम्युनिटी सेंटर का निर्माण शामिल है। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत ₹519.22 लाख (करीब ₹5.19 करोड़) है। डॉ. यशपाल ने कहा कि ओबीसी कम्युनिटी सेंटर बनने से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा, जबकि नई सड़कें और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से लोगों को वर्षों पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में समान विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नगर परिषद पलवल और चेयरमैन डॉ. यशपाल द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से वार्ड-10 के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में वार्ड-10 के पार्षद अनुज शर्मा, नगर परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
