विश्व हेपेटाइटिस दिवस और गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हसनपुर सब-तहसील बार एसोसिएशन ने अपना ब्लड सेंटर, पलवल के सहयोग से 6वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर में 30 यूनिट रक्तदान किया गया।

पलवल/हसनपुर(SHOYAB): विश्व हेपेटाइटिस दिवस और गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हसनपुर सब-तहसील बार एसोसिएशन ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए अपना ब्लड सेंटर, पलवल के सहयोग से छठे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया। शिविर के दौरान कई नियमित रक्तदाताओं ने समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। अधिवक्ता मोहित वशिष्ठ ने आठवीं बार, नरेंद्र चौहान ने बीसवीं बार, राकेश ने पंद्रहवीं बार और वरिष्ठ पत्रकार सुनील कर्दम ने सत्रहवीं बार रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह एक स्वस्थ और मानवीय पहल है।
कार्यक्रम में मौजूद विक्रम सिंह यात्री और होडल बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सौरव राजपूत ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन महीने में स्वैच्छिक रक्तदान करे तो किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अपना ब्लड सेंटर, पलवल के प्रभारी डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के लिए नियमित स्वैच्छिक रक्तदान सबसे प्रभावी माध्यम है और सभी स्वस्थ नागरिकों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर में मनोज बैंशला, तोताराम, देवेंद्र कुमार, दीपक चौहान, रोहताश सहनोली, सतीश खाम्बी, चेतन शर्मा, सुनील कर्दम सहित हसनपुर सब-तहसील के अधिवक्ता, न्यायालय स्टाफ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
