फरीदाबाद में शेयर मार्केट में 600% मुनाफे का लालच देकर 19.75 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना NIT पुलिस ने खाता ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
फरीदाबाद (SHOYAB): शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना NIT की टीम ने 19.75 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी के मामले में एक खाता ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराने की भूमिका निभा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कविराज पाटिल (24) निवासी जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसमें बैंक खाते का एक्सेस मौजूद था। पुलिस के अनुसार आरोपी 12वीं पास है और डिलीवरी बॉय का काम करता था।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार सेक्टर-39 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2026 में उसके व्हाट्सएप पर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 600 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का दावा करने वाला संदेश आया। संदेश भेजने वालों ने खुद को “5paisa” से जुड़ा बताकर भरोसा जीता और उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया। ग्रुप में रोजाना शेयर बाजार से जुड़ी सलाह, निवेश के टिप्स और भारी मुनाफे के दावे किए जाते थे। कुछ समय बाद पीड़ित को एक लिंक भेजकर “5paisa” नाम से एक ऐप डाउनलोड कराया गया। इस ऐप में निवेश की रकम और बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे शिकायतकर्ता का भरोसा और मजबूत हो गया
निकासी के समय हुआ ठगी का एहसास
पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी निवेश राशि और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर भुगतान टाल दिया। बाद में उनका संपर्क पूरी तरह बंद हो गया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आई अहम जानकारी
पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी के पास पहले से गिरफ्तार खाताधारक विकास के बैंक खाते का एक्सेस था। इसी खाते में ठगी के करीब 9 लाख रुपये आए थे, जिन्हें आरोपी ने आगे अन्य खातों में भेजा। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप या टेलीग्राम चैनलों पर मिलने वाले निवेश के लालच में न आएं। किसी भी निवेश से पहले कंपनी और प्लेटफॉर्म की सत्यता की जांच करें। यदि कोई संदिग्ध कॉल, लिंक या निवेश का प्रस्ताव मिले तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

