मानव सेवा समिति ने हुड्डा RWA के सहयोग से महाराणा प्रताप पार्क नंबर-1 में पौधारोपण किया। अमरूद, गुड़हल, इमली और जामुन के पौधे लगाए गए।
पलवल (Sanjeev rathor) 11 August 2026 । पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मानव सेवा समिति की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति वर्ष 2009 से लगातार हर साल पौधारोपण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में हुड्डा के सर्वेश्वर महाकाल मंदिर के पास स्थित महाराणा प्रताप पार्क नंबर-1 में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का आयोजन मानव सेवा समिति की अध्यक्ष सीता वर्मा और हुड्डा RWA के अध्यक्ष नरेश पाराशर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पार्क में अमरूद, गुड़हल, इमली और जामुन के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प भी लिया गया।
पेड़ों की कटाई रोकना जरूरी
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और लगातार बढ़ते तापमान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना जरूरी है। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मानव सेवा समिति की अध्यक्ष सीता वर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
हर व्यक्ति एक पौधा लगाने का ले संकल्प
हुड्डा RWA के अध्यक्ष नरेश पाराशर ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प ले। समिति की सदस्य कृष्णा सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” और “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं मोनिका सिंगला ने लगाए गए पौधों की आगे भी नियमित देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम में सीता वर्मा, नरेश पाराशर, मोनिका सिंगला, कृष्णा सिंह, ओम प्रकाश, दिगंबर सिंह, पाखी सिंगला, सुभाष पचौरी, ओमप्रकाश पाराशर, मोहन सिंह, राम शर्मा और युधवीर सिंह तेवतिया सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

