पलवल( संजीव राठौर) 28 मई 2026 | पलवल पुलिस क्राइम ब्रांच होडल की टीम ने थाना शहर पलवल क्षेत्र में हुई हथौड़ा व अन्य हथियारों से मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू किया गया। मौके से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पलवल पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएसपी क्राइम पलवल अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सीआईए होडल प्रभारी निरीक्षक जगमींदर सिंह की टीम ने इस सफलता को हासिल किया।
उन्होंने बताया कि 27 मई 2026 को सीआईए टीम नेशनल हाईवे-19 पर हसनपुर फ्लाईओवर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना शहर पलवल में दर्ज मारपीट के मामले (मुकदमा नंबर 217, दिनांक 21 मई 2026) का वांछित आरोपी हर्ष (26 वर्ष, निवासी मित्रोल) अवैध हथियार के साथ गोडोता रोड, बेढा पट्टी कट के पास मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
मौके से एक देशी कट्टा .315 बोर और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध हथियार रखने के आरोप में थाना होडल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में 4 मुकदमे दर्ज हैं।

