पलवल में सड़क हादसे में घायल महिला को पुलिस कमांडो टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई। फरार कार चालक की तलाश जारी।
पलवल | शनिदेव परिक्रमा से लौट रही एक महिला सड़क हादसे में घायल हो गई, लेकिन पलवल पुलिस की तत्परता और मानवता के चलते उसकी जान बच गई।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” के तहत जहां एक ओर पुलिस असामाजिक तत्वों पर सख्ती कर रही है, वहीं मानवता का फर्ज भी बखूबी निभा रही है।
घटना के अनुसार महिला शनिदेव की परिक्रमा कर ऑटो में सवार होकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में ऑटो असंतुलित हो गया और उसमें सवार महिला घायल हो गई।

घटना के समय क्षेत्र में मौजूद पलवल पुलिस की कमांडो टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल महिला की मदद की। टीम का नेतृत्व कर रहे रंजीत ने साथियों के साथ बिना समय गंवाए महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से महिला को तुरंत उपचार मिल सका।
वहीं पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान कर उसे जल्द पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।पलवल पुलिस की इस मानवीय पहल से क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।
