CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली में प्रेसवार्ता कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। 8 लाख सिग्नेचर का दावा, 6 जून को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान।
नई दिल्ली। CJP (Cockroach Janata Party) के प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली में प्रेसवार्ता करते हुए यूथ पॉलिटिकल मूवमेंट से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अब तक करीब 8 लाख लोगों ने सिग्नेचर किए हैं।
सौरव दास ने कहा कि संगठन सरकार के साथ बातचीत करना चाहता है, लेकिन अब तक कोई ठोस संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
प्रेसवार्ता में पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके के आह्वान का जिक्र करते हुए बताया गया कि 6 जून को दिल्ली में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है।
CJP प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग किसी भी पार्टी के बैनर के बिना आएं और पूरी तरह से कानून के दायरे में रहकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए है और इसका उद्देश्य सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाना है।
