हरियाणा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार। 6 वर्षों में 6,256 आरोपी गिरफ्तार, 2,353 FIR दर्ज और 72.70 करोड़ की संपत्ति जब्त। जल्द शुरू होगा ड्रग फ्री हरियाणा अभियान।
चंडीगढ़ (Desk) 05 June 2026 | हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले छह वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6,256 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान व्यावसायिक मात्रा से जुड़े 2,353 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा नशे के कारोबार से अर्जित 72.70 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को जब्त, फ्रीज या कुर्क किया गया है।
यह जानकारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख संजय कुमार ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने की, जिसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,876 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई और 3,151 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। संगठित नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 156 आरोपियों पर पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 432 लोगों की संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
हरियाणा पुलिस ने अन्य राज्यों में सक्रिय नशा तस्करों पर भी नजर रखी है। वर्ष 2021-2025 के दौरान अन्य राज्यों में पकड़े गए हरियाणा के 321 आरोपियों की जानकारी संबंधित जिलों को भेजी गई है।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नशा तस्करी केवल कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए कि संगठित ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए समन्वित और सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जल्द ही प्रदेश में ‘ड्रग फ्री हरियाणा अभियान’ शुरू किया जाएगा, जिसके तहत जनजागरूकता और नशामुक्ति को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
