गुरुग्राम (शोयब)
गुरुग्राम के सोहना रोड स्थित घामडौज टोल प्लाजा पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे टोल टैक्स को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने टोल कर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और कंट्रोल रूम में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, एक गाड़ी में सवार युवकों का टोल टैक्स देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद हुआ था। शुरुआती कहासुनी के बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वे अपने साथियों के साथ दोबारा लौटे और टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर लाठी-डंडों से लैस थे। उन्होंने टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में घुसकर मशीनों, कंप्यूटर और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। बीच-बचाव करने आए दो टोल कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों को तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। टोल प्लाजा प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर टोल प्लाजा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

