नई दिल्ली(शोयब)| उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने हथियारबंद हमले और घर में घुसकर वारदात करने के दो सनसनीखेज मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय बग्गा उर्फ विजय बग्गा निवासी पीतमपुरा, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 55 वर्ष बताई गई है।पुलिस के अनुसार पहला मामला थाना मौर्य एन्क्लेव क्षेत्र का है, जहां शिकायतकर्ता साहिल कुकरेजा ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल 2026 को आरोपी उनके घर पिता से मिलने के बहाने आया और पानी मांगकर अंदर घुस गया। इसके बाद आरोपी ने बड़े चाकू (छापड़) से हमला कर उनके हाथ पर चोट पहुंचाई। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें बंधक बनाकर नकदी और सोने के आभूषण लूट लिए।
दूसरी घटना थाना केशव पुरम इलाके की है। शिकायतकर्ता नीलम जैन ने पुलिस को बताया कि 8 मई 2026 को एक व्यक्ति आरओ मैकेनिक बनकर उनके घर में दाखिल हुआ और लोहे के गंडासे से धमकाने लगा। महिला ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी हथियार फेंककर मौके से फरार हो गया।दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 50 से अधिक होटलों की भी जांच की गई।
पुलिस टीम को आरोपी की लोकेशन मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा नानक प्याऊ के पास मिली, जिसके बाद जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
उत्तर-पश्चिम जिला की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों में विश्वास बहाल हुआ है और इलाके में फैले भय के माहौल को कम करने में मदद मिली है।

