मथुरा के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में गली नंबर 5 में छज्जा गिरने से करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल और रामकृष्ण मिशन में इलाज जारी, प्रशासन में हड़कंप।
Mathura (desk) 09 June 2026 |मथुरा के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के पास गली नंबर 5 में एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के समय सभी श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आए हुए थे और गली से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।घायलों में से दो को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ श्रद्धालुओं का इलाज रामकृष्ण मिशन अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे के बाद बांके बिहारी मंदिर एचवीपी कमेटी और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने मंदिर क्षेत्र में जर्जर इमारतों को लेकर पहले भी चिंता जताई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भवनों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


