पिता विहीन और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए विशेष स्कॉलरशिप का ऐलान, लड़कियों की उच्च शिक्षा पर भी विशेष जोर
Palwal (Desk) 10 June 2026 | श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी गरीब या जरूरतमंद विद्यार्थी की पढ़ाई आर्थिक कारणों से नहीं रुकने दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप में प्राथमिकता देने की घोषणा की, जिनके पिता नहीं हैं और जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार एडमिशन संबंधी समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय हर इच्छुक युवा को कौशल एवं उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है और वित्तीय बाधाओं को किसी भी छात्र के भविष्य के आड़े नहीं आने दिया जाएगा। इसके लिए अधिक से अधिक छात्रवृत्तियों का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय अपने इंडस्ट्री पार्टनर्स को भी स्कॉलरशिप देने के लिए प्रेरित करेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद और योग्य विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
कुलगुरु ने लड़कियों की उच्च शिक्षा को सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कौशल विकास विश्वविद्यालय का प्राथमिक लक्ष्य है और इसके लिए जरूरत पड़ने पर नियमों में बदलाव भी किया जा सकता है, ताकि मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि कन्सेन्ट्रिक्स, क्नोरब्रेम्से सहित कई कंपनियां पहले से ही विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दे रही हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं और विश्व प्रकाश मिशन के माध्यम से भी छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है।

डायरेक्टर एडमिशन प्रोफेसर ज्योति राणा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के माता-पिता नहीं हैं या पिता नहीं हैं, उनके लिए अतिरिक्त स्कॉलरशिप प्रावधान किए जाएंगे, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
