पलवल के गदपुरी गांव के मुक्केबाज पंकज तंवर ने स्वीडन में हैवीवेट बॉक्सिंग में गोल्ड जीतकर देश और हरियाणा का नाम रोशन किया, गांव में हुआ भव्य स्वागत।
Prithla 18 June 2026 | पलवल जिले के गांव गदपुरी के होनहार मुक्केबाज पंकज तंवर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन के गोटनबर्ग शहर में आयोजित गोटनबर्ग बॉक्स ओपन-2026 (Gothenburg Box Open) में हैवीवेट बॉक्सिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और गांव, बल्कि पूरे पृथला विधानसभा क्षेत्र और हरियाणा का नाम विश्व पटल पर रोशन हुआ है।

न्यूजवैडन बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में पोलैंड, आयरलैंड, इंग्लैंड, साउथ कोरिया, हांगकांग, रूस, यूक्रेन, नीदरलैंड, नॉर्वे, फिनलैंड, स्वीडन, डेनमार्क और स्कॉटलैंड सहित कई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पंकज तंवर ने सभी मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।स्वदेश लौटने पर गदपुरी गांव में पंकज का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ ग्रामीणों ने अपने “गोल्डन बॉय” को कंधों पर उठाकर सम्मानित किया। पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पंकज तंवर को शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पंकज की यह जीत युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं सही अवसर मिलने पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।विधायक तेवतिया ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आत्मविश्वास और युवाशक्ति की जीत है। उन्होंने सरकार और समाज से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने की अपील की।
ब्लॉक समिति पलवल के पूर्व वाइस चेयरमैन लक्ष्मण तंवर (पंकज के परिजन) ने कहा कि पंकज ने परिवार और गांव का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।इस अवसर पर डॉ. मुकेश भाटी (पूर्व जिला परिषद चेयरमैन), नीरज सरपंच (गदपुरी), बिजेंद्र आर्य, जवाहर सरपंच (हरफली), सुंदर सरपंच (सोफ्ता), सतपाल नम्बरदार, नरेश (पूर्व सरपंच), सुरेश एडवोकेट, अनंगपाल, हेमराज, सुमेर मास्टर, फूल सिंह और ईलू खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
