हरियाणा के राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि पलवल बस स्टैंड के निकट करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम द्वार का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और अधिकारियों को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

पलवल(SHOYAB) हरियाणा सरकार के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने पलवल शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद पलवल क्षेत्र में बस स्टैंड के निकट भगवान परशुराम द्वार का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 1.25 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है।
राज्य मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से पलवल शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही शहर में आने वाले लोगों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और नगर परिषद पलवल शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रस्तावित भगवान परशुराम द्वार शहर के प्रवेश मार्ग की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आस्था और सामाजिक भावनाओं का भी सम्मान करेगा। यह परियोजना पलवल की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का कार्य करेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द आम जनता को मिल सके।
राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना पलवल शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक महत्ता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पलवल को एक आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है, जहां नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और शहर की नई पहचान स्थापित हो।
