हथीन विधायक चौधरी इसराईल ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में बिजली संकट, उटावड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को CHC में अपग्रेड करने और 13 ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण की मांग उठाई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित विभागों से 25 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी है।

हथीन (SHOYAB) हथीन विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे अब मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गए हैं। विधायक चौधरी इसराईल द्वारा उठाई गई मांगों पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित विभागों से 25 जुलाई 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
महज 4-5 घंटे बिजली मिलने का मुद्दा उठाया
विधायक चौधरी इसराईल ने मुख्यमंत्री को बताया कि हथीन विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोगों को प्रतिदिन केवल 4 से 5 घंटे बिजली मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच अनियमित बिजली आपूर्ति से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय बिजली अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। विधायक ने सवाल उठाया कि जब रमजान के दौरान क्षेत्र में लगभग 24 घंटे बिजली आपूर्ति संभव थी, तो गर्मी के मौसम में पर्याप्त बिजली क्यों नहीं दी जा सकती। उन्होंने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
उटावड़ PHC को CHC बनाने की मांग
विधायक ने उटावड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
उन्होंने बताया कि उटावड़ की आबादी करीब 30 हजार है, जबकि आसपास के गांवों सहित लगभग 1.75 लाख लोग इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने के कारण मरीजों को गंभीर उपचार के लिए दूसरे शहरों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि PHC को CHC का दर्जा मिलने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
13 ग्रामीण संपर्क सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव
विधायक चौधरी इसराईल ने हथीन विधानसभा क्षेत्र की 13 ग्रामीण संपर्क सड़कों के चौड़ीकरण की भी मांग की है। उन्होंने वर्तमान 4 से 5 करम चौड़ी सड़कों को एक करम अतिरिक्त चौड़ा करने तथा उनका निर्माण हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की योजना के तहत कराने का प्रस्ताव रखा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इन सभी मांगों पर संबंधित विभागों को जांच कर 25 जुलाई 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक चौधरी इसराईल ने कहा कि बिजली, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।
