फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल की मॉर्चरी के बाहर मृतका के अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद हिंसक हो गया। मारपीट और पथराव में कई लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

फरीदाबाद(SHOYAB)फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल की मॉर्चरी के बाहर मंगलवार को एक मृतका के अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, खेड़ी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव निवासी 27 वर्षीय अंजलि की सोमवार सुबह अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया था।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। मायके पक्ष का कहना था कि अंजलि का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव देवली (पलवल) में किया जाएगा, जबकि ससुराल पक्ष का दावा था कि अंजलि उनके परिवार की बहू थी, इसलिए अंतिम संस्कार का अधिकार उनका है।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई और बाद में एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतका का शव मायके पक्ष को सौंप दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए पलवल के देवली गांव ले जाया गया।
मायके पक्ष ने अंजलि की मौत पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
