पलवल में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने SC/ST मामलों में पुलिस की लापरवाही को लेकर SP को ज्ञापन सौंपा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
Palwal (Sanjeev Rathor) |पलवल में 16 जुलाई को भीम आर्मी भारत एकता मिशन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और समस्त बहुजन समाज के संयुक्त नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में पुलिस की कथित लापरवाही, आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि जिले में दर्ज कई संवेदनशील मामलों में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि SC/ST Act के तहत दर्ज मामलों में पुलिस द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही, जिससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने में देरी हो रही है और उनका भरोसा प्रशासन से उठता जा रहा है।
ज्ञापन में विशेष रूप से FIR नंबर 143/2026 (थाना सदर), FIR नंबर 286, FIR नंबर 48 (थाना सदर) और FIR नंबर 140 (थाना चांदहट) सहित कई मामलों का उल्लेख किया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन मामलों में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है, जबकि कानून के अनुसार तत्काल और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि सभी मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिन आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि SC/ST Act के प्रावधानों का पूरी तरह पालन होना चाहिए और किसी भी स्तर पर आरोपियों को संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों के विपरीत कार्य किया गया है या लापरवाही बरती गई है, तो उसके खिलाफ भी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि कानून सबके लिए समान है और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर एडवोकेट शैलेंद्र जौहरी (पूर्व जिला अध्यक्ष, लीगल सेल, भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी), एडवोकेट सतीश भानु (समाजसेवी), राजकुमार नेताजी (जिला प्रभारी, आजाद समाज पार्टी), गौतम जी (जिला अध्यक्ष), सागर जी (जिला सचिव), विराट जी (जिला कार्यकारिणी सदस्य) और त्रिलोक जी (अध्यक्ष, होडल विधानसभा) सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बहुजन समाज संविधान, न्याय और सामाजिक समानता की रक्षा के लिए हमेशा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिला, तो इसका सीधा असर समाज में विश्वास और शांति व्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में असंतोष को बढ़ावा देती हैं, जिसे समय रहते रोकना जरूरी है।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस प्रशासन इस ज्ञापन पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़ितों को कब तक न्याय मिल पाता है।

