पलवल के हथीन खंड के गांव भीमसीका स्थित एक पनीर फैक्ट्री पर CM Flying और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 1200 किलो पनीर बरामद हुआ, जिसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं भी सामने आई हैं।

पलवल (SHOYAB)। हरियाणा के पलवल जिले के हथीन खंड स्थित गांव भीमसीका में मंगलवार को CM Flying और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने एक पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से करीब 1200 किलोग्राम तैयार पनीर बरामद किया गया, जिसके सैंपल गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में 6 से 7 कर्मचारी कार्य करते मिले। टीम ने उत्पादन प्रक्रिया, साफ-सफाई और आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में बॉयलर बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था, जबकि प्रदूषण नियंत्रण विभाग की अनापत्ति (NOC) भी उपलब्ध नहीं थी।
अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पनीर के सैंपलों की लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और बिना अनुमति संचालित इकाइयों पर कार्रवाई के लिए प्रदेशभर में समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भीमसीका की इस फैक्ट्री पर संयुक्त कार्रवाई की गई है। फिलहाल संबंधित विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
