पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है। नई टीम UPSC, SSC, RRB, IBPS और NTA की परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच करेगी।

नई दिल्ली (SHOYAB)। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े संगठित अपराधों पर सख्ती बढ़ाते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। क्राइम ब्रांच के तहत एक विशेष स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया है, जो अब देश की प्रमुख भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच करेगी। इस फैसले को परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। नई गठित STF UPSC, SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), IBPS, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार की अन्य अधिसूचित सार्वजनिक परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक, नकल, फर्जीवाड़े और संगठित परीक्षा अपराधों की जांच करेगी। यह कार्रवाई पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत की जाएगी।
दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार, STF की कमान क्राइम ब्रांच के डीसीपी के पास होगी। टीम का मुख्य उद्देश्य मामलों की पेशेवर और समयबद्ध जांच करना, विभिन्न जांच एजेंसियों और अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय स्थापित करना तथा अदालतों में मामलों की शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करना है। हाल के वर्षों में कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठे थे। इन्हीं घटनाओं के मद्देनज़र केंद्र सरकार ने पहले पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 लागू किया और अब दिल्ली पुलिस ने उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष जांच इकाई का गठन किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एक समर्पित जांच एजेंसी बनने से पेपर लीक गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई तेज होगी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसी बीच सरकार परीक्षा संबंधी अपराधों पर और कड़े दंड तथा त्वरित न्यायिक प्रक्रिया को लेकर भी कदम आगे बढ़ा रही है।
