Oplus_16908288
फरीदाबाद के सेक्टर-28 में सड़क हादसे में 23 वर्षीय म्यूजिक कंपोजर सिद्धार्थ सूरी की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरीदाबाद(DESK) फरीदाबाद के सेक्टर-28 में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय उभरते म्यूजिक कंपोजर सिद्धार्थ सूरी की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस और एंबुलेंस के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्रह्लादपुर निवासी सिद्धार्थ सूरी अपने दोस्त साहिल के साथ स्कूटी पर फरीदाबाद पेन ड्राइव लेने आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-28 में उनके आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे स्कूटी ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की मां का आरोप है कि हादसे के बाद उनके बेटे और उसके दोस्त को लंबे समय तक सड़क पर ही मदद का इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच जाती और घायल बेटे को तुरंत अस्पताल ले जाया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल साहिल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। परिवार और परिचितों के अनुसार, सिद्धार्थ एक उभरते हुए म्यूजिक कंपोजर थे और अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई लोकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोट: पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने के आरोप मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इस संबंध में आधिकारिक जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।
