गुरुग्राम में APP Haryana के राज्य स्तरीय वैज्ञानिक सम्मेलन में 110 से अधिक पैथोलॉजिस्ट और लैब विशेषज्ञ शामिल हुए। सम्मेलन में AI, ऑटोमेशन, लैब मैनेजमेंट, गुणवत्ता और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के भविष्य पर मंथन हुआ।

गुरुग्राम(DESK): Association of Practicing Pathologists (APP Haryana) की ओर से गुरुग्राम में आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय वैज्ञानिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों से 110 से अधिक पैथोलॉजिस्ट, लैब संचालक और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम में आधुनिक पैथोलॉजी, लैब मैनेजमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, गुणवत्ता नियंत्रण, नेतृत्व और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन के आयोजन सचिव एवं संयोजक डॉ. प्रशांत गुप्ता (पलवल) ने कहा कि बदलते स्वास्थ्य क्षेत्र में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावी नेतृत्व, बेहतर प्रबंधन, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाना भी बेहद आवश्यक हो गया है। इसी सोच के साथ इस सम्मेलन को पारंपरिक व्याख्यानों के बजाय इंटरैक्टिव और अनुभव आधारित स्वरूप दिया गया, जिसे प्रतिभागियों ने काफी सराहा।
कार्यक्रम के दौरान देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट्स ने स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के सामने मौजूद चुनौतियों, नई तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए। पैनल चर्चा, केस आधारित शिक्षण, समूह गतिविधियों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवहारिक ज्ञान और नई कार्यशैली से परिचित कराया गया। आयोजन समिति में डॉ. युधवीर सिंह, डॉ. वाणी, डॉ. इरबिंदर कौर, डॉ. रितिका हुड्डा, डॉ. रशी और डॉ. सौरभ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं डॉ. बी. सी. गुप्ता, डॉ. मनीष वाधवा, डॉ. गजेन्द्र यादव और डॉ. राजन वर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग ने सम्मेलन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बनाया। डॉ. कयूर और डॉ. साई अक्षय की उपस्थिति भी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक रही। अपने समापन संबोधन में डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी वक्ताओं, प्रतिनिधियों, आयोजकों, प्रायोजकों, प्रदर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल एक वैज्ञानिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे पैथोलॉजी समुदाय को जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच साबित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि APP Haryana भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण और उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
