हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जालंधर स्थित बाबा मोहन दास आश्रम में प्रतिमा का अनावरण किया। पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा संतों के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

जालंधर (DESK) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पंजाब के जालंधर स्थित बाबा मोहन दास आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा मोहन दास जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया और पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने आश्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और संत समाज को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदियों से समाज को आध्यात्मिक और नैतिक दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा, परोपकार, भाईचारे और लोककल्याण के लिए समर्पित किया, जिनके आदर्श आज भी समाज को सकारात्मक मार्ग दिखाते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा मोहन दास जी का जीवन त्याग, तपस्या और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनके विचार समाज में सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आश्रम परिसर में स्थापित बाबा मोहन दास जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और लोगों को सेवा, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
