हरियाणा सरकार ने करीब 4 लाख निरस्त राशन कार्डों की दोबारा जांच कराने का फैसला लिया है। घर-घर सर्वे के बाद पात्र परिवारों को फिर से राशन कार्ड और सरकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा।

चंडीगढ़(SHOYAB): हरियाणा में राशन कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने पहले अपात्र घोषित कर रद्द किए गए करीब 4 लाख राशन कार्डों की दोबारा जांच कराने का फैसला लिया है। इस निर्णय का उद्देश्य उन पात्र परिवारों को फिर से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है, जिनके राशन कार्ड तकनीकी या रिकॉर्ड संबंधी त्रुटियों के कारण निरस्त हो गए थे। सरकारी निर्देशों के अनुसार खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निरीक्षक अब घर-घर जाकर लाभार्थियों का सत्यापन करेंगे। सर्वे के दौरान प्रत्येक परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाएगा। जांच में पात्र पाए जाने वाले परिवारों के राशन कार्ड दोबारा जारी किए जाएंगे और उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (PPP) द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पात्रता की समीक्षा की गई थी। इसी प्रक्रिया में कई राशन कार्ड अपात्र मानकर रद्द किए गए थे, ताकि योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। सरकार के अनुसार मुख्य रूप से तीन कारणों से राशन कार्ड निरस्त किए गए थे। इनमें पिछले छह महीने से राशन नहीं लेने वाले या दो स्थानों से राशन लेने वाले परिवार, परिवार के नाम पर हल्के या भारी वाहन दर्ज होना तथा आयकर रिकॉर्ड में निर्धारित सीमा से अधिक आय दर्ज होना शामिल है।
हालांकि बाद की समीक्षा में कई मामलों में रिकॉर्ड संबंधी विसंगतियां सामने आईं। कुछ लोगों ने वाहन बेच दिए थे लेकिन सरकारी रिकॉर्ड अपडेट नहीं हुआ, जबकि कुछ मामलों में विभागीय आंकड़ों में समय पर संशोधन नहीं होने से पात्र परिवार भी अपात्र सूची में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब सरकार ने इन मामलों की दोबारा जांच शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सत्यापन प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार से वंचित न रहना पड़े।
अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि पुनः सत्यापन के बाद कितने परिवारों को उनका राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ वापस मिल पाता है।
