Oplus_16908288
फरीदाबाद के गांव सिकरोना में एक निजी स्कूल की महिला टीचर की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फरीदाबाद (SHOYAB): फरीदाबाद के गांव सिकरोना में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली महिला टीचर की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना पुलिस चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरोना स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संध्या रोज की तरह स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल पहुंचा और टीचर से मिलने की बात कही।
बताया जा रहा है कि जैसे ही संध्या स्कूल के गेट पर उससे मिलने पहुंचीं, आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन पर कई वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ीं। घटना के दौरान स्कूल में मौजूद स्टाफ और संचालक ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर धमकाया और मौके से फरार हो गया। घायल शिक्षिका को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि महिला की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं स्कूल संचालक तेजपाल ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आरोपी ने अचानक हमला किया, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल जारी है।

