कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। खेल मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। खिलाड़ियों ने अब एशियन गेम्स और ओलंपिक में पदक जीतने का लक्ष्य रखा है।
नई दिल्ली (DESK): कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर भारत लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का मंगलवार तड़के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, भारत माता के जयकारों और मिठाइयों के बीच खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम एयरपोर्ट पहुंचे और खिलाड़ियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में परिजन, खेल प्रेमी और समर्थक एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। जैसे ही खिलाड़ी बाहर आए, पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाई गईं, पगड़ी बांधी गई और मिठाई खिलाकर उनकी ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया गया।
इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंशा है कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार देश का नाम रोशन करते रहें। खेल मंत्री खिलाड़ियों के दिल्ली पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे। उनके साथ गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह, फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा तथा खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक अश्विनी मलिक सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।
स्वागत के दौरान खिलाड़ियों ने भी अपनी खुशी साझा की। गोल्ड मेडल विजेता बॉक्सर साक्षी चौधरी ने कहा कि यह उनके करियर का यादगार पल है और अब उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है। वहीं बॉक्सर जैस्मिन ने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार और कोच को दिया तथा कहा कि देशवासियों का प्यार उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। प्रीति पंवार ने भविष्य में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की बात कही, जबकि सचिन सिवाच ने एशियन गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन करने का संकल्प दोहराया।
खिलाड़ियों के परिजनों ने जीत की खुशी में मिठाइयां बांटी और ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर जश्न मनाया। हरियाणा के खिलाड़ियों की फ्लाइट देर रात करीब दो बजे दिल्ली पहुंची, लेकिन इसके बावजूद एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का उत्साह देखने लायक था।
हरियाणा के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर प्रदेश को देश की खेल राजधानी के रूप में मजबूत पहचान दिलाई है। अब सभी की निगाहें एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर इन खिलाड़ियों के अगले प्रदर्शन पर टिकी हैं।

