पलवल, (संजीव राठौर ) 26 मई 2026। नगर परिषद पलवल द्वारा शहर की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक गौरव को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चेयरमैन डॉ. यशपाल के नेतृत्व में “शेखपुरा मार्ग” का नाम बदलकर “लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर मार्ग” कर दिया गया। इस अवसर पर किठवाड़ी चौक, पलवल में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनायकों के नाम पर मार्गों का नामकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास है।
गौरव गौतम ने कहा कि लोकमाता अहिल्या बाई होलकर का जीवन नारी शक्ति, न्यायप्रिय शासन और लोककल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके नाम पर मार्ग का नामकरण समाज के लिए गर्व की बात है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना भी परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई स्थानों के नाम बदलकर उन्हें नई पहचान दी गई है, जिनमें रसूलपुर मार्ग का नाम “प्रजापिता ब्रह्मकुमारी मार्ग”, शमशाबाद का “सिद्धार्थ नगर”, इस्लामाबाद का “ईश्वर नगर”, फाजलपुर का “नया गांव” और फिरोजपुर का “प्रतापगढ़” रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का अभियान है। कार्यक्रम के दौरान मार्ग नामकरण पट्टिका का विधिवत अनावरण किया गया और उपस्थित लोगों ने भारत माता तथा लोकमाता अहिल्या बाई होलकर के जयघोष के साथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप दिया।
इस मौके पर नप उप प्रधान मनोज कुमार बंधु, युवा नेता इंद्रजीत बघेल, भाजपा वरिष्ठ नेता सतीश बघेल, ओबीसी नेता दीपक आर्य, समाजसेवी रामकुमार बघेल, लखन बघेल, कर्नल दयाराम, भाईपाल चौधरी, पार्षद भगती शर्मा, हरकिशन तेवतिया, जितेन्द्र तेवतिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव से ओतप्रोत रहा।

