पलवल ( संजीव राठौर) | सिकंदर डागर पर हुए कथित “हथौड़ा कांड” के बाद जिले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में युवाओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए हेलमेट पहनकर सड़कों पर उतरकर अपना रोष जताया | प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले में “हथौड़ा गैंग” जैसे गिरोह सक्रिय हैं, जिससे आम जनता में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। युवाओं ने हेलमेट पहनकर यह संदेश देने की कोशिश की कि अब सड़कों पर निकलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है।
सिकंदर डागर को न्याय की मांग
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सिकंदर डागर को जल्द न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए और ऐसे गिरोहों पर तुरंत कार्रवाई हो।

पलवल में समाजसेवियों ने जताया रोष
इस विरोध प्रदर्शन में कई समाजसेवी भी शामिल रहे, जिन्होंने खुलकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।प्रमुख रूप से मनीष भारद्वाज, मुकुल देशवाल, रोहित कौशिक, करतार पहलवान और राहुल तंवर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आम लोगों में भय और बढ़ेगा।
सिकंदर डागर हमला कांड अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। युवाओं और समाजसेवियों का यह विरोध प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि जनता अब सुरक्षा को लेकर समझौता करने के मूड में नहीं है और जल्द न्याय की मांग कर रही है।
