पलवल में भाजपा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत दो दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने की शिरकत
Palwal (संजीव राठौर) 29 मई 2026 |
पलवल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत देश एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर-2 स्थित एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुआ, जिसमें खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण महा अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की विस्तृत जानकारी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए पार्टी की नीति, नियत और नेतृत्व के बारे में आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया जाता है। साथ ही यह कार्यक्रम संगठन को मजबूत बना में भी अहम भूमिका निभाते हैं। गौरव गौतम ने भाजपा को एक कैडर आधारित और कार्यकर्ता संचालित पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं।
जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान विभिन्न सत्रों में पार्टी संगठन को मजबूत करने और अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संगठन महासचिव अरुण सिंह द्वारा भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार करना है।

