पलवल (शोयब) हरियाणा के पलवल शहर की मुख्य मार्केट में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सगे भाई ने ही अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 19 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई सुरेश है। दोनों मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और पिछले एक साल से पलवल की मुख्य मार्केट में किराए के कमरे में रहकर सोने की ढलाई का काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान बड़े भाई सुरेश ने चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर विक्रम की हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी काफी देर तक इलाके में घूमता रहा और आसपास के लोगों को खुद ही घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

