मेवात के नूंह में गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद 36 बिरादरी का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर लोगों ने विरोध मार्च निकालकर प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया।
Nuh (Desk) 03 June 2026 |
नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र के एक गांव में गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और पीड़िता की आत्महत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के करीब 15 दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने पर मंगलवार को मेवात की 36 बिरादरी एकजुट हो गई। गुस्साए लोगों ने नूंह की अनाज मंडी से लघु सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। पूरे मार्च के दौरान “न्याय दो” और “दोषियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा प्रदर्शन में शामिल सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने कहा कि इस घटना ने पूरे मेवात को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग उठाई।

कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष रजिया बानो ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज पर कलंक हैं और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे मेवात में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
