पलवल में आए तेज आंधी-तूफान के कारण 220 केवी पलवल-मीरपुर कुराली ट्रांसमिशन लाइन के दो टावर गिर गए, जिससे शहर समेत कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
Palwal (desk) 04 June 2026 |
जिले में गुरुवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बड़ा झटका दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:50 बजे 220 केवी डबल सर्किट पलवल-मीरपुर कुराली ट्रांसमिशन लाइन के दोनों सर्किट अचानक ट्रिप हो गए। जांच में पता चला कि लाइन के टावर नंबर 4 और 5 गिर गए हैं, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार गिरे हुए टावरों के प्रकार एवं अन्य तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज आंधी और खराब मौसम के कारण यह हादसा हुआ है।
टावर गिरने के कारण मीरपुर कुराली की 220 केवी सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे 66 केवी अलापुर, चांदहट, हंसपुर खादर, पलवल शहर, हुडा और हसनपुर पावर हाउस की बिजली आपूर्ति भी बंद हो गई है। इसके चलते इन क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।बिजली विभाग ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के लिए कार्य कर रही हैं।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था पूरी होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली सप्लाई पुनः शुरू कर दी जाएगी।



