पलवल(शोयब) 12 मई 2026
जिला पलवल पुलिस ने गांव जटौला में हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी पलवल नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में क्राइम ब्रांच होडल द्वारा की गई।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पृथला निवासी अनिल तंवर और धर्मेंद्र उर्फ मोनू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 11 मई 2026 को एएसआई अमित कुमार की टीम ने गिरफ्तार किया।मामला 13 मार्च 2026 का है, जब थाना गदपुरी क्षेत्र के गांव जटौला में अवैध हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था। शिकायतकर्ता पूर्व सरपंच गिर्राज ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा सन्नी फरीदाबाद कोर्ट से लौट रहा था। रास्ते में गाड़ी हटाने को लेकर अनिल तंवर के साथ कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके।
पीड़ित पक्ष के अनुसार अगले दिन सुबह आरोपी अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर जटौला पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। हमले में संजय को दो गोलियां लगीं, जबकि गिर्राज पर फरसे से हमला किया गया।
इस मामले में पहले भी एक आरोपी सुरेंद्र उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।क्राइम ब्रांच होडल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार और गाड़ी बरामद करने के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

