पलवल में स्वच्छता अभियान के दौरान सांसद सुरेंद्र नागर और मंत्री गौरव गौतम ने खुद झाड़ू उठाकर लोगों को जागरूक किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।
Palwal (Sanjeev Rathor) 14 June 2026|केंद्र और हरियाणा सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर पलवल में रविवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) से हुई, जहां राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने संयुक्त रूप से अभियान का शुभारंभ किया।इस दौरान दोनों नेताओं ने खुद झाड़ू उठाकर सड़कों की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने पौधारोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित भविष्य बनाने का संकल्प है।
राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि 2014 में शुरू हुआ स्वच्छ भारत अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि यह केवल सरकार नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर स्वच्छता अभियान में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहेगा।

अभियान के दौरान रेहड़ी-फड़ी वालों और दुकानदारों को डस्टबिन भी वितरित किए गए। नेताओं ने सभी से कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने की अपील की।

