दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला। DTC बसों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, पैनिक बटन 112 से जुड़ेंगे और हर जिले में बनेंगे महिला थाने।
Delhi (Desk) 17 June 2026 |राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सार्वजनिक परिवहन और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अब दिल्ली की लेडीज स्पेशल DTC बसों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यह तैनाती खासतौर पर उन रूटों पर होगी, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना गया है। साथ ही, इन बसों का संचालन भी महिला स्टाफ द्वारा किए जाने की योजना है, जिससे महिला यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित और सहज माहौल मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए बसों में महिला होमगार्ड मार्शल भी तैनात किए जाएंगे। ये मार्शल बसों में निगरानी रखेंगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा तकनीकी कदम भी उठाया गया है।अब DTC बसों में लगे पैनिक बटन को सीधे 112 इमरजेंसी सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे खतरे की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता मिल सके।
महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण के लिए दिल्ली के हर जिले में समर्पित महिला पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। इन थानों में मामलों को प्राथमिकता के आधार पर और विशेष संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली सरकार और पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सुरक्षित और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इन फैसलों से न सिर्फ सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि महिलाओं का भरोसा और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। दिल्ली को सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
