फरीदाबाद के सेक्टर-16 में एडवोकेट के घर से चोर करीब 2 किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार घर पर नहीं था। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है

फरीदाबाद (SHOYAB) फरीदाबाद के सेक्टर-16 में चोरों ने एक एडवोकेट के घर को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से करीब 2 किलो सोने के आभूषण और 20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। परिवार के अनुसार, चोरी हुए सोने की मौजूदा बाजार कीमत लगभग 2.75 करोड़ रुपये है। नकदी को जोड़कर कुल चोरी करीब 2.95 करोड़ रुपये की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एडवोकेट हरीश पाल चपराना का परिवार घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। उनकी पत्नी और बेटी नोएडा में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं, जबकि एडवोकेट अपने बेटे के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी दूसरे घर पर थे। इसी दौरान सूना मकान देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात बदमाश घर की चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे और एसी की खिड़की का शीशा तोड़कर मकान में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़ दिए तथा घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, चोर घर का सामान एक वाहन में भरकर ले गए और करीब एक किलोमीटर दूर बेकार डिब्बे व अन्य सामान फेंक दिया। चोरी हुए जेवरों में परिवार की वर्षों पुरानी ज्वेलरी, बेटे की शादी में मिले आभूषण और बेटी की शादी के लिए बनवाए गए गहने भी शामिल हैं। वहीं नकदी में जमीन बिक्री से मिली राशि और किराए से प्राप्त रकम भी रखी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-16 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस चोरों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सेक्टर-16 पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
