फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र के अनंगपुर पहाड़ के जंगल में अवैध कच्ची शराब बनाने की सूचना पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ता ने छापेमारी की। मौके से दो आरोपी, कच्ची शराब, लाहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
फरीदाबाद, (SHOYAB) 19 अगस्त। शहर के सूरजकुंड क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद ने कार्रवाई की है। टीम ने अनंगपुर पहाड़ के जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर मौके से दो लोगों को काबू किया। पुलिस के अनुसार वहां एक शराब की भट्ठी चालू हालत में मिली और बड़ी मात्रा में शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लाहन व अन्य सामान बरामद किया गया।
गुप्त सूचना के बाद जंगल में पहुंची टीम
मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद को 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि थाना सूरजकुंड क्षेत्र के खड़िया खान, अनंगपुर पहाड़ के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर रहे हैं और तैयार शराब को कैनों में भरकर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर DSP विवेक चौधरी के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने थाना सूरजकुंड पुलिस को सूचना देकर अनंगपुर क्षेत्र में बताए गए स्थान पर छापेमारी की। मौके पर टीम को कच्ची शराब बनाने की भट्ठी चालू हालत में मिली।
दो लोगों को मौके से पकड़ा
कार्रवाई के दौरान टीम ने दो व्यक्तियों को काबू किया। पूछताछ में उनकी पहचान बलजीत पुत्र संतराम निवासी अनंगपुर और रवि उर्फ रविन्द्र पुत्र युद्धवीर निवासी पछोला मोहल्ला, अनंगपुर के रूप में बताई गई है।
शराब और लाहन समेत उपकरण बरामद
टीम के अनुसार मौके की तलाशी के दौरान करीब 3 से 4 लीटर तैयार कच्ची शराब और लगभग 150 लीटर लाहन बरामद हुआ। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली भट्ठी, ड्रम, मिट्टी का डकोला, धातु का देगचा और अन्य उपकरण भी मौके से मिले। कार्रवाई के दौरान एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल नंबर HR-87-U-3824 भी बरामद की गई।
नमूने सील कर कब्जे में लिया सामान
पुलिस के मुताबिक बरामद लाहन और तैयार कच्ची शराब के अलग-अलग नमूने लेकर नियमानुसार सील किए गए। मौके से मिले अन्य सामान को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत FIR
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की कार्रवाई के बाद थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद में दोनों आरोपियों बलजीत और रवि के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि तैयार की जा रही कच्ची शराब की सप्लकहां और किन लोगों तक की जाती थी।
नोट: आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर है। मामले में आगे की स्थिति जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार स्पष्ट होगी।

