पलवल पुलिस ने चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने आमजन और दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए उल्लंघन करने वालों पर केस दर्ज करने की बात कही।
पलवल (SHOYAB): जिले में चाइनीज मांझे के बढ़ते उपयोग को देखते हुए पलवल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि चाइनीज मांझे की बिक्री, खरीद, भंडारण और उपयोग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल पतंगबाजी करने वालों बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों और बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। हर वर्ष इस मांझे की वजह से दुपहिया वाहन चालक, राहगीर और पक्षी गंभीर रूप से घायल होते हैं, जबकि कई मामलों में जान भी चली जाती है। इसके अलावा धातु या कांच की परत चढ़े मांझे के बिजली की लाइनों से संपर्क में आने पर बड़े हादसे होने की भी आशंका रहती है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझे की बिक्री, खरीद, भंडारण या उपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी नीतीश अग्रवाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को चाइनीज मांझे के खतरों के बारे में जागरूक करें और उन्हें केवल पारंपरिक सूती धागे से ही पतंग उड़ाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही जिले के सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी परिस्थिति में चाइनीज मांझे की बिक्री या भंडारण न करें।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं चाइनीज मांझे की बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

