पलवल पुलिस की CIA स्टाफ टीम ने वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, बाइक रिक्शा और भारी मात्रा में कटे हुए स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए हैं।

पलवल | (SHOYAB) 10 जुलाई 2026 पलवल पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, मोटरसाइकिल रिक्शा और बड़ी मात्रा में कटे हुए स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दिघोट निवासी जगत ने थाना शहर पलवल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जुलाई 2026 को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से उसकी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर मामले की जांच CIA स्टाफ पलवल को सौंपी गई। CIA टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हेमंत निवासी बहजोही (जिला संभल, उत्तर प्रदेश), हाल निवासी राजीव नगर, पलवल को किठवाड़ी चौक से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी हुई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
कबाड़ी भी गिरफ्तार, कबाड़ गोदाम से बड़ी बरामदगी
पुलिस रिमांड के दौरान हेमंत ने खुलासा किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलें राजीव नगर निवासी कबाड़ी जितेंद्र को बेचता था। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के अलावलपुर स्थित कबाड़ गोदाम पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने बरामद किए:
2 चोरी की मोटरसाइकिलें
1 मोटरसाइकिल रिक्शा
1 बाइक इंजन
10 तेल की टंकियां
3 हेडलाइट
3 सीट कवर
6 हैंडल
2 बैक कैरियर
10 टायर (व्हील सहित)
10 अलॉय व्हील
6 साइलेंसर
13 शॉकर
3 मोटरसाइकिल चेसिस
9 कट्टों में भरे मोटरसाइकिलों के कटे हुए स्पेयर पार्ट्स
दोनों आरोपी जाएंगे जेल
पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी करने वाले हेमंत और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी जितेंद्र को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने CIA स्टाफ की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पलवल पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
