पलवल के सेक्टर-2 में एचएसवीपी के प्रवेश द्वार पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से हुए सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया। जानिए क्या बोले मंत्री और शहर को क्या होगा फायदा।
पलवल (SHOYAB): हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने पलवल शहर को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सेक्टर-2 स्थित एचएसवीपी के मुख्य प्रवेश द्वार पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के समग्र, सुनियोजित और आधुनिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि किसी भी शहर की पहली छवि उसके प्रवेश द्वार, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से बनती है। इसलिए सरकार शहरों को केवल सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि सुंदर और आकर्षक बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि सेक्टर-2 के इस प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण पलवल की पहचान को नई मजबूती देगा। इससे शहर में आने वाले नागरिकों और बाहरी आगंतुकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और पलवल एक आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर के रूप में उभरेगा। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि शहरों को रहने योग्य, स्वच्छ और सौंदर्यपूर्ण बनाना भी है। इसी सोच के तहत प्रदेशभर में कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पलवल के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद सहित एचएसवीपी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहर की सुंदरता और पहचान दोनों को नई दिशा मिलेगी।

