पलवल में खेल मंत्री गौरव गौतम ने बस स्टॉप पर बस नहीं रोकने पर रोडवेज ड्राइवर और कंडक्टर को फटकार लगाई। बस को वापस भेजकर यात्रियों को बैठाया गया।
पलवल, Satmark News 01 June 2026
पलवल, हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान रोडवेज कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। मंत्री ने बस नहीं रोकने पर चालक और परिचालक को मौके पर ही फटकार लगाई और बस को वापस भेजकर यात्रियों को बैठवाया।
मिली जानकारी के अनुसार पलवल-बड़ौली मार्ग पर हरियाणा रोडवेज की एक बस हसनपुर से पलवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस स्टॉप पर खड़ी महिलाओं ने बस को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और आगे बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही मंत्री गौरव गौतम ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर बस को रुकवाने के बाद मंत्री ने चालक और कंडक्टर को जमकर फटकार लगाई।
मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बस स्टॉप पर यात्रियों को छोड़कर बस आगे बढ़ाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद मंत्री ने बस को वापस उसी बस स्टॉप पर भेजा, जहां इंतजार कर रही महिलाओं और अन्य यात्रियों को बस में बैठाया गया। सभी यात्रियों को सवार कराने के बाद बस को पलवल के लिए रवाना किया गया।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है और यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा से पालन करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि सरकार अब सार्वजनिक सेवाओं में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपना रही है और आम जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है।

