पलवल (संजीव राठौर)। चेहरे पर खुशी, आंखों में चमक और हाथों में कंपनी का ऑफर लैटर — श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) के 94 विद्यार्थियों का सपना साकार हो गया। कोर्स पूरा होने से पहले ही रोजगार मिलने पर विद्यार्थी बेहद उत्साहित नजर आए।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को ऑफर लैटर सौंपते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कौशल विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है और कई नामी कंपनियां प्लेसमेंट के लिए यहां आ रही हैं। इंडस्ट्री में स्किल्ड युवाओं की भारी मांग है, जिसे पूरा करने के लिए ऐसे प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने कार्य को कुशलता से करें और साथ ही अपनी पढ़ाई व अकादमिक प्रगति पर भी ध्यान दें।
इंडस्ट्री रिलेशन्स एंड एलुमनी अफेयर्स (IRA) की निदेशक चंचल भारद्वाज ने बताया कि ईस्ट वेस्ट ऑटोमोटिव ने 55, लोसुंग ऑटोमोटिव ने 9 और संवर्धन मदरसन ने 14 विद्यार्थियों का चयन किया है। वहीं वीजी ग्रुप ने 16 विद्यार्थियों को रोजगार का अवसर दिया है।
चयनित विद्यार्थियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। छात्रा प्राची ने कहा कि यह पल उनके लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम है।
इस मौके पर अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी

