पलवल के थंथरी गांव में खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने करीब 28 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। गांव को मिली कई बड़ी सौगात।
Palwal (Sanjeev Rathor) | पलवल जिले के थंथरी गांव में विकास को नई गति देते हुए हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि थंथरी गांव में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन विकास कार्यों की मिली सौगात:
गांव में स्वागत द्वार, संपर्क मार्गों का निर्माण, स्कूल में इन्वर्टर व बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, समरसीबल हैंडपंप, नॉलेज सेंटर, खेल सामग्री, 150 स्ट्रीट लाइट, जनरल व हरिजन चौपाल, मोक्षधाम गेट, कुओं का सौंदर्यीकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, ट्यूबवेल व बूस्टर, नालियां और रैंप निर्माण जैसे कई कार्य शामिल हैं। इसके अलावा गांव की फिरनी, खेल नर्सरी, ई-लाइब्रेरी, जोहड़ विकास और श्मशान घाट तक रास्तों के निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया गया।

मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने खादर क्षेत्र को नई पहचान दिलाने का जो संकल्प लिया था, उस पर तेजी से काम हो रहा है। सरकार इस क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए विशेष योजना बना रही है, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बन सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में तेज गति से हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार गांव, किसान, गरीब और मध्यम वर्ग के हितों के लिए समर्पित है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, हरेंद्रपाल राणा, धीरज, दिनेश कौशिक सहित कई सरपंच, पंच और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

