हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम (gaurav gautam) ने विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशवासियों से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान।
Palwal (Desk) 05 June 2026 |
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।
खेल मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी उतनी ही जिम्मेदारी से करनी चाहिए, जितनी हम अपने परिवार और बच्चों की करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक नियमित रूप से संरक्षण और पोषण देना भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का कार्य नहीं है, बल्कि यह एक जनभागीदारी का अभियान है। जब तक समाज का हर वर्ग इसमें अपनी सक्रिय भूमिका नहीं निभाएगा, तब तक स्थायी परिणाम संभव नहीं हैं। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

गौरव गौतम ने विशेष रूप से पलवल के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं और स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ और हरित पलवल” हम सभी का साझा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जिस परिवार में प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण की भावना होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है, क्योंकि पर्यावरण का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।
खेल मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई “एक पेड़ मां के नाम” मुहिम का जिक्र करते हुए लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लें।
अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने और हरियाणा को एक हरित, स्वच्छ और जागरूक प्रदेश बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
