प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने योगासन को खेल नीति में शामिल करने और समान सुविधाएं देने की मांग रखी।
Chandigarh (shoyab)18 June 2026 | प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य और हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. युद्धवीर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार योग एवं योगासन के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से योगासन खेल को हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने तथा योगासन खिलाड़ियों को अन्य खेलों के खिलाड़ियों के समान सुविधाएं प्रदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हरियाणा के 11 खिलाड़ियों में अभिषेक शर्मा, अर्जुन, सुमित, विकास लाठर, हरि शंकर, बीरेंद्र कुमार यादव, मनीषा, मधु वर्मा, देवी, सृष्टि और देवांशी शामिल रहे। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन की जानकारी देते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग और प्रोत्साहन से वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा और भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।
हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग और योगासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इससे युवाओं को योग अपनाने और खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस दौरान हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष रोशनलाल, रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार, राष्ट्रीय कोच विकास पचौरी एवं कोमल वर्मा, राज्य कोच अंश, कीर्ति इन्सां और नितिन कुमार सहित सभी खिलाड़ी उपस्थित रहे।
