skill university palwal
पलवल (शोयब) | श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल के आठ विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। बृहस्पतिवार को आयोजित सम्मान समारोह में कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा और स्कूल के प्राचार्य सतेंद्र सौरोत ने मेधावी विद्यार्थियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
परीक्षा परिणाम में किया पोसवाल ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। बृजेश 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भूमि ने 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। नवीन ने 94.8 प्रतिशत अंक लेकर चौथा और खुशबू ने 91.8 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।इस अवसर पर प्रोफेसर ज्योति राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बृजेश के पिता एवं विश्वविद्यालय में सहायक कुलसचिव डॉ. राजेश कुमार को भी विशेष बधाई दी।
प्राचार्य सतेंद्र सौरोत ने बताया कि 32 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर मेरिट हासिल की, जबकि 35 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों की मेहनत की भी सराहना की।कार्यक्रम में प्रोफेसर सुनील कुमार गर्ग, डॉ. राजेश कुमार, कुलगुरु के ओएसडी संजीव तायल, एसडीओ नरेश संधू सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

