हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने पलवल में आयोजित ‘युवाओं की गूंज’ जनसंवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य पर अपने विचार रखे।

पलवल(SHOYAB)हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और सकारात्मक माहौल मिले तो वे देश और समाज की दिशा बदल सकते हैं। इसलिए विद्यार्थियों के सपनों की रक्षा करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने ये विचार मंगलवार को केसीएम वर्ल्ड स्कूल, टीकरी ब्राह्मण (पलवल) में ‘युवाओं की गूंज’ जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने की, जबकि संचालन प्रदेश मीडिया कोऑर्डिनेटर गिरीश भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा, करियर और रोजगार से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
पेपर लीक और युवाओं की चिंता पर जताई चिंता
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना बेहद गंभीर विषय है। इससे वर्षों तक मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल टूटता है और कई युवा निराशा का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए तथा हर विद्यार्थी को समान अवसर मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठा रहे हैं तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से सामने रख रहे हैं।
अनुशासन और मेहनत ही सफलता की कुंजी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, कठिन परिश्रम, ईमानदारी और निरंतर सीखने की इच्छा ही व्यक्ति को सफलता दिलाती है। उन्होंने शिक्षा को मनुष्य का सबसे सच्चा साथी बताते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा में करने का आह्वान किया।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर दिया जोर
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाला वर्ग नहीं, बल्कि समाज में परिवर्तन लाने वाली सबसे बड़ी शक्ति हैं। इसलिए उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और संविधान के मूल्यों के प्रति आस्था विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ‘युवाओं की गूंज’ अभियान के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर युवाओं से निरंतर संवाद किया जाएगा।
विद्यार्थियों ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि आज का विद्यार्थी जागरूक है और अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझता है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी शिक्षा, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल और सुझाव रखे। शिक्षकों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने इस पहल को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर केसीएम वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन डॉ. राम नारायण भारद्वाज, सविता कुंडू, राजेन्द्र खोखियाका, अनिल भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
