नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे में निजी तौर पर कराए गए ‘सुहागरात’ डेकोरेशन के मामले में रेलवे ने संबंधित टिकट चेकर को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

नई दिल्ली (SHOYAB) नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे में ‘सुहागरात’ थीम पर किए गए डेकोरेशन का मामला सामने आने के बाद रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में संबंधित टिकट चेकर (TTE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 6 जुलाई को ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक दंपति ने अपने फर्स्ट एसी कूपे को सजाने के लिए ऑनलाइन डेकोरेटर को निजी तौर पर हायर किया था।
मंत्रालय के अनुसार, इस सजावट का आयोजन रेलवे की ओर से नहीं कराया गया था। हालांकि, रेलवे परिसर और ट्रेन के भीतर बिना अनुमति इस प्रकार की गतिविधि होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
रेलवे ने बताया कि संबंधित टिकट चेकर को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेल मंत्रालय ने कहा कि रेलवे परिसरों और ट्रेनों में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
